
गुड़गांव ;सरस्वती विहार कॉलोनी में 9 साल की लड़की से रेप का मामला सामने आया है। उसी मकान में किराये पर रहने वाले आंध्रप्रदेश के मूल निवासी युवक पर आरोप लगाया गया है। गुरुवार दोपहर बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, मारपीट व धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। गुरुवार देर रात आरोपित को अरेस्ट कर लिया गया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार सरस्वती विहार कॉलोनी में किराये पर रहता है। 9 साल की बच्ची की मां ने शिकायत में बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह 9 साल की बेटी के साथ कमरे में थी। बेटी शौचालय के लिए मकान की छत पर गई। करीब आधे घंटे तक वापस न लौटी। महिला देखने छत पर गई, लेकिन बेटी नहीं दिखी। करीब 15 मिनट बाद बेटी उसी मकान में एक युवक के कमरे से रोते हुए बाहर आई। महिला ने पूछा तो लड़की ने बताया कि युवक ने उससे रेप किया। पूछने पर खुलासा हुआ कि कई बार टीवी दिखाने के बहाने कमरे में ले जाकर उससे रेप किया गया। लड़की ने विरोध जताया तो उसे थप्पड़ मार और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने तुरंत आरोपित के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी और पति को बुलाया। गुरुवार को महिला ने शिकायत दी।
डीएलएफ सेक्टर-29 थाना प्रभारी अनिल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर युवक को अरेस्ट कर लिया गया है। शुक्रवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया जाएगा।